अगले लोकसभा चुनाव में पार्टी की सीटों का आंकड़ा तीन अंकों तक पहुंचाने के पहाड़ जैसे लक्ष्य को हासिल करने की कोशिशों में जुटी कांग्रेस को पूर्वोत्तर राज्यों में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा से काफी उम्मीदें बंधी हैं।
मणिपुर, नगालैंड से लेकर असम तक बीते एक हफ्ते के दौरान राहुल की यात्रा को मिले समर्थन के बाद पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में पूर्वोत्तर राज्यों में बेहतर प्रदर्शन कर कम से कम 10 सीटें हासिल करने पर फोकस करने में जुट गई है। दशकों तक मजबूत आधार वाले पूर्वोत्तर राज्यों में कांग्रेस की स्थिति पिछले दो आम चुनावों से लगातार कमजोर हुई है।
इन राज्यों में भाजपा ने उसकी जगह केंद्रीय भूमिका ले ली है। वर्तमान में पूर्वोत्तर की 25 में से कांग्रेस के पास केवल चार लोकसभा सीटें ही होना इन राज्यों में पार्टी की कमजोर हुई दशा की झलक दिखाता है। हालांकि न्याय यात्रा के दौरान मणिपुर, नगालैंड और असम में राहुल गांधी को देखने-सुनने को उमड़ रही भीड़ ने कांग्रेस में अगले चुनाव में बेहतर संभावनाओं की आस जगाई है।





