भोपाल। भाजपा ने चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ी। प्रशासन और पैसे का भरपूर उपयोग छिंदवाड़ा समेत पूरे प्रदेश में किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लेकर मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव तक आए। पूरी ताकत लगाई पर जनता समझती है और गद्दारों को अच्छा जवाब देगी। यह बात प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों और लोकसभा के प्रत्याशियों की बैठक में भाग लेने आए पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मीडिया से चर्चा में कही।
प्रदेश में लोकसभा चुनाव के चारों चरण पूरे होने के बाद कांग्रेस ने चुनाव अभियान की समीक्षा और मतगणना की तैयारियों के लिए वरिष्ठ नेताओं और लोकसभा के प्रत्याशियों की बैठक सोमवार को बुलाई। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उज्जैन लोकसभा सीट से प्रत्याशी महेश परमार अन्य राज्यों में प्रचार में व्यस्त होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हुए।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कि कांग्रेस ब्लॉक स्तर पर मंथन कार्यक्रम चलाएगी जिसमें पार्टी को मजबूती के लिए पदाधिकारी कार्यकर्ताओं से सुझाव दिए जाएंगे जिसके आधार पर आगामी कार्यक्रम तय होंगे।
लोकसभा चुनाव को लेकर हुई समीक्षा के बाद जितेंद्र सिंह ने किया दावा परिणाम चौंकाने वाले होंगे। सभी प्रत्याशियों ने बताया कि कांग्रेस जनों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा, भितरघाती थे वे पहले ही पार्टी छोड़कर भाजपा में चले गए।
राजगढ़ से प्रत्याशी और पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह चुनाव प्रचार में व्यस्त होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हुए उन्होंने वर्चुअल बैठक को संबोधित किया, वहीं छिंदवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी नकुल नाथ मतगणना की तैयारी मैं व्यस्त होने के कारण नहीं आए जिसकी सूचना उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को दी थी





