नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी के भाषण की पहली लाइन सुनकर मुरादाबाद के युवक खुशी से झूम उठे। उनका कहना था कि प्रियंका भाभी की आवाज दिल को छू गई। ये वहीं युवक थे जो न्याय यात्रा के दौरान कूद-कूदकर प्रियंका भाभी की आवाज लगा रहे थे। जामा मस्जिद के पास से जब लाल रंग की खुली जीप में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता एवं सांसद राहुल गांधी के बगल में प्रियंका गांधी बैठीं तो लोग देखकर खुश हो गए। बुजुर्गों को प्रियंका गांधी में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की झलक दिखाई दी। वैसे ही चेहरा, नाक नक्श में वह जाएंगे।
आवाज भी इंदिरा गांधी से मिलती जुलती है। रास्ते में भीड़ के बीच जब लोग राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे तो युवकों का एक झुंड प्रियंका भाभी, प्रियंका भाभी बोल रहा था। भीड़ की आवाज प्रियंका तक नहीं पहुंच रही थी। फिर भी वे बोल रहे थे। संभल फाटक पर पहुंचने के बाद प्रियंका गांधी ने माइक संभाला। जनता से खुद को जोड़ने के लिए पहले बोला कि ससुरालवालों सुनों। बहुत खुशी हुई है, यहां पहली बार ससुरालवालों के साथ आई हूं। उन्होंने यह बताने की कोशिश की कि वह राबर्ट वाड्रा की पत्नी हैं।
राहुल गांधी व प्रियंका गांधी ने अपनी यात्रा के दौरान भीड़ में उत्सुकता से उन्हें देखने के लिए खड़े अलग-अलग स्थानों पर कई बच्चे, बच्चियों को अपने पास बुलाया। सभी को दुलारा। क्षेत्रीय पार्षद इरमनाज की 13 वर्षीय बहन सूफिया मुरादाबादी भारत जोड़ो यात्रा से संबंधित चार्ट हाथ में लिए थी। जिसे वह राहुल-प्रियंका को भेंट करना चाहती थी। राहुल-प्रियंका ने उसे अपने वाहन पर बुला लिया।





