नई दिल्ली। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब बीजेपी के प्रभारी विजय रुपाणी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला है। पंजाब में लोकसभा चुनाव के लिए 1 जून को मतदान होना है। इस कारण चुनावी सरगर्मियां तेज हैं।
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब बीजेपी के प्रभारी विजय रुपाणी ने कहा है कि पंजाब में अब अच्छा माहौल है क्योंकि जनता आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों से तंग आ चुकी है और बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि इन सरकारों के कार्यकाल में कोई विकास नहीं हुआ है।
विजय रुपाणी ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार ने जो वादे किए थे, वे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। पंजाब विकास में पीछे रह गया है और यहां की जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी ही पंजाब की जनता का सहारा है और अब यहां की जनता प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी को याद कर रही है। महिलाओं के प्रति वादे भी पूरे नहीं हुए हैं, और अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं।
विजय रुपाणी ने लोकसभा चुनाव में सभी सीटों पर जीत को लेकर कहा कि बीजेपी का सभी 13 सीटों पर अच्छा माहौल है। पिछले कई सालों से पार्टी केवल तीन सीटों पर लड़ती थी, लेकिन अब लोगों का जोरदार समर्थन मिल रहा है। कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है और वे हर एक सीट पर जाकर लोगों से मिल रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि इस बार बीजेपी सभी 13 सीटें जीतेगी और वोट प्रतिशत भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस बार सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने का फायदा 2027 के विधानसभा चुनावों में भी मिलेगा और तब बीजेपी पंजाब में अपनी सरकार बनाएगी।





