एग्जिट पोल में जितनी सीटें कांग्रेस को मिली, परिणामों में उससे भी कम मिलेंगी
भोपाल। 30 नवंबर को देर शाम जारी हुए एग्जिट पोल्स के बाद भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश में खासी उत्साहित है। डीबी न्यूज नेटवर्क से बात करते हुए मध्य प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष जीतू जिराती बोले कि हम मध्य प्रदेश में 150 से अधिक सीटें जीत रहे हैं। हालांकि यहां पर जीतू जिराती ने स्पष्ट किया कि मैं बहुत ज्यादा भरोसा एग्जिट पोल पर नहीं करता हूं मेरा मानना है कि कांग्रेस की सीटें 90 से भी कम रहेंगी और भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण एवं स्पष्ट बहुमत की सरकार पुनः मध्य प्रदेश में बनेगी।
जीतू ने अपने वरिष्ठ नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी जी और वरिष्ठ नेतृत्व पर प्रदेश के मतदाताओं को भरोसा है भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से प्रभावित हैं और यही कारण रहेगा कि मध्य प्रदेश में पांचवीं बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि हमारी जनकल्याणकारी नीतियों को मध्य प्रदेश की जनता ने सराहा है चाहे वह लाडली बहन योजना हो, किसान कल्याण की योजना हो या उज्ज्वला योजना हो इन सभी योजनाओं को जनता द्वारा पसंद किया जा रहा है।
जीतू जिराती ने ग्वालियर चंबल रीजन का जिक्र करते हुए कहा कि इस रीजन में पिछली बार हमारा प्रदर्शन भले ही अच्छा ना रहा हो पर हमारा वोट परसेंटेज बढ़ा था और इस बार मुझे भरोसा है कि हमारा प्रदर्शन और सीटें काफी बेहतर संख्या में रहेंगी। इस बार ग्वालियर चंबल रीजन में हम 26 से 28 सीटें जीतेंगे।
उन्होंने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है और यही कारण है कि कांग्रेस को इस देश की जनता ने पहले भी नकार दिया था और अब भी नकार देगी। पांच राज्यों के चुनाव परिणाम भी यहां स्पष्ट कर देंगे की जनता कांग्रेस को पसंद नहीं कर रही है। और सभी और भाजपा का कमल खिल रहा है।





