नई दिल्ली। भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के सभी भ्रष्ट नेता इस साल जेल में होली मिलन मनाएंगे। भाजपा नेता ने यह टिप्पणी दिल्ली आबकारी नीति मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तार किए जाने के बाद की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है और अरविंद केजरीवाल उसके बेटे।
इससे पहले कांग्रेस के ही नेताओं ने कहा था कि अरविंद केजरीवाल आबकारी नीति घोटाले के आरेापित हैं और उन्हें सलाखों के पीछे होना चाहिए और अब यही कांग्रेस पार्टी केजरीवाल के समर्थन में खड़ी हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि केजरीवाल ने अपने गुरु अन्ना हजारे के आदर्शों के खिलाफ जाकर फर्जी आबकारी नीति बनाई।
बता दें कि आबकारी नीति ममाले में दो वरिष्ठ आप नेता मनीष सिसौदिया और संजय न्यायिक हिरासत में हैं। दिल्ली के तत्कालीन उप मुख्यमंत्री सिसौदिया को सीबीआई ने 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। वहीं, ईडी ने राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को गत पांच अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। मामले में तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) की बेटी के. कविता को भी ईडी गिरफ्तार कर चुकी है।





