मध्य प्रदेश विधानसभा का चुनाव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की अगुवाई में लड़ा गया। पार्टी नेताओं ने उन्हें हर मंच से चेहरा के तौर प्रस्तुत किया पर अब जब परिणाम आशाओं के विपरीत आए हैं तो संगठन में परिवर्तन की बात चल पड़ी है। परिणाम की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक में कई उम्मीदवारों ने ऊपर से लेकर नीचे तक संगठन में परिवर्तन करने की बात कही है। इस बीच कमलनाथ ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से भेंट की है। संभावना जताई जा रही है कि वह प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ सकते हैं।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश संगठन में ऊपर से नीचे तक परिवर्तन को लेकर मंथन शुरू हो गया है। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए केंद्रीय संगठन भी इस दिशा में मंथन कर रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने केंद्रीय नेतृत्व से कहा है कि वह दस दिनों में प्रत्याशियों से जमीनी रिपोर्ट देने को कह चुके हैं। वह अपने-अपने क्षेत्र में हार-जीत का विश्लेषण और संगठन की समीक्षा करके रिपोर्ट देंगे। बताया जा रहा है कि बैठक में ही संकेत दिए कि संगठन में बड़े स्तर पर परिवर्तन किया जाएगा।





