भोपाल। प्रदेश की 10 लोकसभा सीटों के प्रत्याशी घोषित करने के बाद कांग्रेस बाकी 19 सीटों के प्रत्याशी भी अगले सप्ताह घोषित कर देगी। इसके लिए सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। इसमें समन्वयकों की रिपोर्ट और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त संभावित दावेदारों के नामों पर विचार कर अंतिम रूप दिया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों का कहना है कि आम सहमति के आधार पर प्रत्येक सीट के लिए केंद्रीय चुनाव समिति को एक-एक नाम प्रस्तावित किया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी अलग-अलग सीटों के संभावित दावेदारों से चर्चा भी कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है, क्योंकि चुनाव की घोषणा शनिवार को हो सकती है।





