धार। मध्यप्रदेश के धार जिले की काली बावड़ी से ताल्लुक रखने वाली मॉडल और फैशन डिज़ाइनर आम्रपाली पटेल ने अपने सफर को साझा करते हुए बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें शुरू से ही मॉडलिंग में रुचि थी। रविन्द्र में आयोजित एक फैशन शो में भाग लेने के बाद उन्हें अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जिसने आगे बढ़ने का आत्मविश्वास दिया। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्होंने इंदौर में मिस एमपी का ऑडिशन दिया, जहां चयन होने के बाद शो में भाग लिया और रनर-अप रहीं। इस अनुभव ने उनके करियर को नई दिशा दी।
आम्रपाली पटेल ने बताया कि इसके बाद उन्होंने दिल्ली और गुजरात सहित कई बड़े शहरों में फैशन शोज़ और शूट्स किए। वर्ष 2023 में विवाह के बाद भी उनके हौसले कम नहीं हुए, बल्कि परिवार और पति का पूरा समर्थन मिला। उसी वर्ष उन्होंने इंदौर में एक और उपलब्धि हासिल की, जिससे उनका आत्मविश्वास और मजबूत हुआ। आम्रपाली का मानना है कि गांव से बहुत कम लड़कियां इस क्षेत्र तक पहुंच पाती हैं, लेकिन सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ग्रामीण पृष्ठभूमि से भी बड़ी पहचान बनाई जा सकती है।
भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए आम्रपाली ने बताया कि फिलहाल वह फैशन डिज़ाइनिंग में डिप्लोमा कर रही हैं और अगले एक-दो वर्षों में इसे पूरा कर अपना खुद का स्टार्टअप शुरू करना चाहती हैं। उनका लक्ष्य आदिवासी और ट्राइबल कल्चर को फैशन के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाना है। वे अपने क्षेत्र और इंदौर से ही काम शुरू कर स्थानीय संस्कृति को वैश्विक मंच देने का सपना देख रही हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी जड़ों पर गर्व हो सके।





