भोपाल, मध्य प्रदेश के रहने वाले मॉडल आर्यन नरवरिया ने अपनी लगन और जुनून से फैशन व मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा है। आर्यन ने बताया कि उन्होंने साल 2020 में अपने करियर की शुरुआत की थी, जब उन्होंने ग्वालियर में अपना पहला ऑडिशन दिया। हालांकि, कोविड-19 लॉकडाउन के कारण उन्हें कुछ समय के लिए अपना सफर रोकना पड़ा। इसके बाद, उन्होंने दोबारा हिम्मत जुटाई और 2025 में फिर से नए जोश के साथ मॉडलिंग की शुरुआत की। हाल ही में उन्होंने “इंडिया टॉप सीज़न वन” में हिस्सा लिया, जहाँ वे फाइनल के लिए सिलेक्ट भी हुए थे, लेकिन तबीयत खराब होने की वजह से वे फाइनल में शामिल नहीं हो सके।
आर्यन ने बताया कि वे शुरू से ही एक्टिंग और मॉडलिंग के प्रति बेहद जुनूनी रहे हैं। उन्होंने कहा कि, “मुझे खुद पर भरोसा है और मैं अपनी लाइन खुद बनाना चाहता हूँ।” वे किसी विशेष फिल्म स्टार को फॉलो नहीं करते, लेकिन सलमान खान और एल्विस यादव को प्रेरणा का स्रोत मानते हैं। आर्यन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं और नए जमाने के युवाओं की तरह अपनी प्रतिभा को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से दिखाना पसंद करते हैं।
अब आर्यन का लक्ष्य मुंबई जाकर अपने मॉडलिंग करियर को आगे बढ़ाना है। वे वहां बड़े प्लेटफॉर्म्स पर ऑडिशन देना चाहते हैं और फैशन इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल जैसे शहरों से निकलकर भी अगर कोई ठान ले, तो बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। उनका मानना है कि मेहनत, आत्मविश्वास और धैर्य से कोई भी व्यक्ति अपने सपनों को साकार कर सकता है, और वे इसी विश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।





