नई दिल्ली। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में नीट और यूजीसी नेट के पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने को लेकर मंगलवार को प्रदर्शन किया। दोपहर एक बजे कांग्रेस कार्यकर्ता कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय से मार्च निकालते हुए डाकखाना चौक के पास पहुंचे। यहां सभी ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। परीक्षाओं में धांधली को लेकर यूथ कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की।
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कहना है कि इन घोटालों के कारण कई मेहनती छात्रों और उम्मीदवारों के भविष्य पर संकट आ गया है। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के सदस्यों ने बैनर और पोस्टर के साथ नारे लगाए और अपनी नाराजगी जाहिर की। उनकी मांग थी कि छात्रों और युवाओं के साथ हो रहे अन्याय को रोका जाए और शिक्षा प्रणाली में सुधार किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो सकें।
वहीं, प्रदर्शन के दौरान, युवा जिलाध्यक्ष निशित कटारिया ने अपनी बात रखते हुए कहा कि नीट पेपर लीक, यूजीसी नेट परीक्षा घोटाला और एचसीएस भर्ती घोटाला शिक्षा व्यवस्था में गहरी जड़ें जमा चुके भ्रष्टाचार और अक्षमता का प्रतीक हैं। इन घोटालों ने न केवल छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है, बल्कि शिक्षा प्रणाली की साख पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष निशित कटारिया ने यह भी घोषणा की कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगे और जरूरत पड़ने पर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि वे तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक शिक्षा और भर्ती प्रणाली में सुधार नहीं हो जाता।





