भोपाल, मध्य प्रदेश – फैशन की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके वीएएसएल डिज़ाइनर लाउंज के फाउंडर सैयद अमान अली ने अपने चार साल पुराने सफर की कहानी साझा करते हुए बताया कि कैसे एक शौक ने उन्हें प्रोफेशनल डिज़ाइनर बना दिया। भोपाल में जन्मे और पले-बढ़े अमान अली ने यहीं से अपनी पढ़ाई पूरी की और फैशन के प्रति लोगों की रुचि को देखते हुए इसी शहर से अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि बचपन से ही उन्हें डिज़ाइनर कपड़े देखने और पहनने का जुनून था, जो आगे चलकर उनके प्रोफेशन का आधार बना।
\अमान अली पुरुषों के लिए कुर्ता, सूट, शेरवानी, इंडो-वेस्टर्न जैसे परिधानों को डिज़ाइन करते हैं। वे खुद प्रिंट फैब्रिक को पसंद करते हैं और खासकर अजरक जैसे ट्रेडिशनल प्रिंट में डिज़ाइनिंग करना उन्हें बेहद प्रिय है। उनका मानना है कि किसी भी ड्रेस को डिज़ाइन करते समय सबसे महत्वपूर्ण पहलू कपड़े का चयन होता है, क्योंकि अच्छे फैब्रिक पर ही असली डिज़ाइन खिलता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि छोटी से छोटी डीटेलिंग भी किसी ड्रेस को परफेक्शन दे सकती है।
भोपाल और मध्य प्रदेश के फैशन ट्रेंड पर बात करते हुए अमान अली ने बताया कि यहां के लोग “रफ एंड टफ” फैशन को पसंद करते हैं। हंटिंग जैकेट्स और फोर-पॉकेट स्टाइल जैसे ट्रेंड्स भोपाल में काफ़ी पॉपुलर हैं। वहीं, युवाओं में हैंड वर्क की मांग तेजी से बढ़ रही है – वे शर्ट्स से लेकर कुर्ते तक सबकुछ हैंडवर्क में बनवाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले वर्षों में मध्य प्रदेश फैशन के मामले में दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों के समकक्ष खड़ा हो सकता है। उनके अनुसार, उनका सपना है कि वे भोपाल से ही विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाएं और अपने काम से पूरे देश को गौरवान्वित करें।





