बालाघाट, मध्य प्रदेश – छोटे जिले से बड़े सपने लेकर निकलीं फैशन डिज़ाइनर खुशबू टांडी, आज KT Designs की फाउंडर और प्रशिक्षक के रूप में महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं। फैशन डिज़ाइनिंग में बीएससी की डिग्री लेने के बाद खुशबू ने 2018 में अपने घर के एक हॉल से छोटे पैमाने पर काम की शुरुआत की। उस समय उनकी बेटी महज़ 4 साल की थी। धीरे-धीरे उन्होंने खुद का डिज़ाइनिंग स्टूडियो खड़ा किया, एम्प्लॉय रखे और अब वे पूरी तरह से महिलाओं के कपड़ों की कस्टमाइज़ डिज़ाइनिंग करती हैं।
खुशबू कहती हैं कि वे डेली वियर, ऑफिस वियर से लेकर लोकल फैशन शो के लिए भी कपड़े डिज़ाइन करती हैं। ग्राहकों की ज़रूरत और बजट को ध्यान में रखते हुए वे कपड़े डिज़ाइन कर सिलाई और फिटिंग तक की पूरी प्रक्रिया खुद संभालती हैं। उन्होंने हाल ही में सिलाई-कटिंग की क्लासेज़ भी शुरू की हैं, जिसमें गृहणियाँ सुबह के समय आकर यह कौशल सीखती हैं और फिर खुद का छोटा व्यवसाय शुरू करती हैं। इससे न सिर्फ उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता मिलती है, बल्कि वे अपने परिवार की ज़रूरतों में भी योगदान दे पाती हैं।
ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन पर खुशबू मानती हैं कि इससे लोकल डिज़ाइनर्स और मार्केट को सीधा असर होता है। हालांकि, वे यह भी जोड़ती हैं कि ऑनलाइन सामान में गुणवत्ता की कमी और धोखाधड़ी की शिकायतें आम हैं, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जहाँ तकनीकी जानकारी सीमित होती है। उनका मानना है कि ऐसे समय में स्थानीय डिज़ाइनर्स की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है जो भरोसेमंद, सटीक और व्यक्तिगत सेवा दे सकें। भविष्य में खुशबू खुद को एक सक्सेसफुल फैशन टीचर के रूप में देखना चाहती हैं, क्योंकि उन्हें डिज़ाइनिंग से भी ज्यादा लोगों को सिखाना पसंद है।





