भोपाल के युवा अधिवक्ता डॉ. अक्षय खरे, जिन्होंने न केवल मिस्टर मध्य प्रदेश 2024 का खिताब जीता बल्कि इंडिया’s टॉप मॉडल 2024 का ताज भी अपने नाम किया, आज युवाओं के लिए एक मिसाल बन चुके हैं। पेशे से वकील और दिल से मॉडल, अक्षय ने अपनी पढ़ाई में उत्कृष्टता के साथ-साथ रैंप पर भी आत्मविश्वास से कदम रखा। नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, उड़ीसा से बीबीए एलएलबी करने के बाद उन्होंने भोपाल से एलएलएम और फिर पीएचडी (कानून) पूरी की। लेकिन इन उपलब्धियों के बीच भी, उनका स्टेज पर खुद को प्रस्तुत करने का सपना ज़िंदा रहा — और आखिरकार उन्होंने फैशन इंडस्ट्री में अपनी जगह बना ली।
काउंसिल्स कॉटेज से अपराध मुक्त भारत तक की सोच
डॉ. अक्षय की सोच सिर्फ खुद की उपलब्धियों तक सीमित नहीं है। उन्होंने एक सामाजिक पहल के रूप में काउंसिल्स कॉटेज वेलफेयर सोसाइटी की स्थापना की, जो स्कूली बच्चों को कानूनी साक्षरता देकर अपराध से दूर रखने का कार्य करती है। यह फर्म न सिर्फ कानून की प्रैक्टिस करती है बल्कि ‘अपराध मुक्त भारत’ की दिशा में भी सक्रिय है। स्कूलों में जाकर किशोरों को उनके अधिकार और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना, उन्हें नैतिकता और क़ानून का पाठ पढ़ाना – अक्षय इस कार्य को अपनी सामाजिक ज़िम्मेदारी मानते हैं।
फैशन इंडस्ट्री में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व
मॉडलिंग को केवल शौक़ न मानते हुए, अक्षय ने इसे गंभीरता से लिया और लगातार ऑडिशन देकर, प्रतियोगिताओं में भाग लेकर सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ीं। उनकी जीत न केवल उनके आत्मविश्वास और मेहनत की गवाही देती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कोई भी युवा यदि सही दिशा में प्रयत्न करे तो वह एक साथ कई क्षेत्रों में चमक सकता है। आज वे मध्य प्रदेश के युवाओं के लिए उदाहरण हैं कि वकालत और फैशन जैसे दो अलग-अलग क्षेत्रों में भी संतुलन बनाकर सफलता हासिल की जा सकती है।





