भोपाल से ताल्लुक रखने वाली प्रिया बरडे आज एक जाना-पहचाना नाम हैं — एक बहुमुखी प्रतिभा वाली कलाकार जो मॉडलिंग, एंकरिंग और अभिनय तीनों में सक्रिय हैं। एक समय टीवी पर अवॉर्ड शो देखकर अपने सपनों को आकार देने वाली प्रिया ने तय किया था कि उन्हें 9 से 5 की जॉब नहीं करनी है, बल्कि कुछ ऐसा करना है जिसमें पहचान मिले, रचनात्मकता हो और आज़ादी हो। यही कारण था कि एमबीए की पढ़ाई के बाद उन्होंने मिस भोपाल जैसे ब्यूटी पेजेंट्स से शुरुआत की, और धीरे-धीरे अपने सपनों की नींव रखी।
थिएटर की पढ़ाई से लेकर टीवी शो, वेब सीरीज़ और एंकरिंग तक, प्रिया ने अपने करियर को हर दिशा में निखारा। उन्होंने क्राइम पेट्रोल, सावधान इंडिया, और दूरदर्शन जैसे प्रमुख चैनलों पर काम किया और साथ ही कई डॉक्यूमेंट्रीज़ व लाइव शो भी होस्ट किए। मुंबई और भोपाल दोनों जगह सक्रिय रहते हुए उन्होंने नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर भी एंकरिंग की है। आज वे एक सफल कंटेंट क्रिएटर भी हैं और सोशल मीडिया के ज़रिए ब्रांड प्रमोशन में भी अपनी सशक्त भूमिका निभा रही हैं।
प्रिया का कहना है कि यह फील्ड जितनी आकर्षक दिखती है, उतनी ही सतर्कता की भी माँग करती है — खासकर महिलाओं के लिए। वे मॉडलिंग व एक्टिंग इंडस्ट्री में हो रही आर्थिक ठगी और मानसिक शोषण पर स्पष्ट कहती हैं कि यदि कोई ऑडिशन के नाम पर पैसे माँग रहा है, तो वह भरोसे के लायक नहीं है। वे चाहती हैं कि हर नया कलाकार इस बात को समझे और सतर्क रहे। भविष्य की बात करें तो प्रिया खुद को एक स्थापित एंकर के रूप में मुंबई में देखना चाहती हैं, साथ ही किसी नए स्टार्टअप की भी योजना बना रही हैं।





