मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से ताल्लुक रखने वाली फरहा अनवर ने न केवल ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में मिसेज इंडिया का खिताब जीता, बल्कि अब वे खुद एक ऑर्गेनाइज़र के रूप में मिस्टर, मिस और मिसेज मध्य प्रदेश एंड सेंट्रल इंडिया ब्यूटी पेजेंट का सफल संचालन कर रही हैं। फरहा ने अपने मॉडलिंग और पेजेंट करियर की शुरुआत एमबीए के दौरान मिस इंडिया टॉप 50 तक पहुंच कर की थी। हालांकि, कॉर्पोरेट करियर और पारिवारिक ज़िम्मेदारियों के चलते उन्हें इस राह से विराम लेना पड़ा, लेकिन उनके पति के प्रोत्साहन और परिवार के समर्थन ने उन्हें दोबारा मंच पर लौटाया।
2016 में मिसेज इंडिया और फिर 2018 में मिसेज एशिया का खिताब जीतने के बाद फरहा ने तय किया कि अब वह खुद एक मंच प्रदान करेंगी जहाँ महिलाओं को अपने सपनों को उड़ान देने का अवसर मिल सके। उन्होंने “The Pageant India” की स्थापना की, और अब हर साल भोपाल में दो प्रमुख ब्यूटी पेजेंट का आयोजन करती हैं, जिनके माध्यम से वे महिलाओं को आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास की राह पर आगे बढ़ने का मंच देती हैं। फरहा का मानना है कि ब्यूटी पेजेंट केवल रूप-सौंदर्य का नहीं, बल्कि आत्म-विश्वास, व्यक्तित्व विकास और स्टेज प्रजेंस का सम्पूर्ण प्रशिक्षण केंद्र होते हैं।
फरहा अनवर की अगली महत्वाकांक्षा भारत में एक भव्य इंटरनेशनल मिसेज पेजेंट का आयोजन करना है, जो विश्वभर की विवाहित महिलाओं को भारत में एक साथ लाकर ग्लोबल मंच पर एक नई पहचान दे सके। उनका यह मानना है कि जिस प्रकार भारत ने मिस यूनिवर्स और मिस वर्ल्ड जैसे प्रतिष्ठित खिताबों की मेजबानी की है, अब समय आ गया है कि मिसेज कैटेगरी के लिए भी भारत विश्वस्तरीय आयोजन करे। फरहा कहती हैं कि “टैलेंट छोटे शहरों से आता है और माया नगरी मुंबई को बनाता है,” और वे चाहती हैं कि मध्य प्रदेश का यह टैलेंट अब दुनिया भर में अपनी चमक बिखेरे।





