नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से ताल्लुक रखने वाली सोनाली बिसेन ने 2020 में अपने मॉडलिंग करियर की शुरुआत की और पहली ही प्रतियोगिता में “मिस बालाघाट” का खिताब जीतकर खुद को साबित किया। इसके बाद उन्होंने मिस महाराष्ट्र प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जहाँ नेहा धूपिया और टेरेंस लुईस जैसे बड़े नामों की मौजूदगी में सेकंड रनर-अप और फैशन आइकॉन जैसे टाइटल्स अपने नाम किए। आत्मविश्वास से भरपूर सोनाली ने शुरुआत से ही खुद पर भरोसा रखा और स्टेज फियर जैसी आम चुनौतियों को कभी अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया।
सरकारी नौकरी के साथ मॉडलिंग और एंकरिंग में बखूबी निभा रहीं दोहरी भूमिका
एक सरकारी कर्मचारी के रूप में भारतीय डाक विभाग में कार्यरत सोनाली, अपने पेशेवर दायित्वों के साथ-साथ एंकरिंग और मॉडलिंग में भी खुद को लगातार साबित कर रही हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के कई लाइव कॉन्सर्ट्स को होस्ट किया है, जिनमें जावेद अली और ममता शर्मा जैसे प्रसिद्ध सिंगर्स के कार्यक्रम भी शामिल हैं। सोनाली कहती हैं कि अगर लगन और अनुशासन हो, तो एक वर्किंग प्रोफेशनल भी अपने टैलेंट को समय दे सकता है। वे इस बात का उदाहरण हैं कि घर, नौकरी और पैशन—तीनों को बैलेंस करना मुमकिन है।
अब लक्ष्य है मिस इंडिया का ताज और बॉलीवुड में पहचान बनाना
फिलहाल सोनाली मिस इंडिया कॉम्पिटिशन की तैयारी में जुटी हैं और कई मूवी व सीरियल्स के लिए ऑडिशन भी दे चुकी हैं। उनका सपना है कि वे सिर्फ बालाघाट या मध्य प्रदेश तक सीमित न रहें, बल्कि मायानगरी मुंबई और देशभर में अपनी एक खास पहचान बनाएं। उनका मानना है कि मेहनत, आत्मविश्वास और दिशा तय हो, तो किसी भी छोटे शहर से उठकर भी बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है। सोनाली का संदेश युवाओं के लिए है – “कोशिश करते रहो, असंभव कुछ भी नहीं।”





