भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से ताल्लुक रखने वाले एक्टर, सिंगर और मॉडल मधुसूदन चंदोलिया इन दिनों खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं। 3 दिसंबर को अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर रिलीज़ हुई वेब सीरीज़ में फीचर आर्टिस्ट के रूप में नजर आए मधुसूदन को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। यह सीरीज़ प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड कर रही है और फिलहाल नंबर वन ट्रेंडिंग में शामिल है। मधुसूदन ने इंटरव्यू के दौरान कहा कि यह उनके करियर का बेहद खास पल है और दर्शकों का प्यार उनके लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है।
यह वेब सीरीज़ कॉलेज लाइफ और समाज की सोच पर आधारित है, जिसका टाइटल ‘औकात के बाहर’ है। कहानी एक ऐसे युवा के संघर्ष को दिखाती है जो हरियाणा से बड़े सपनों के साथ निकलता है और समाज की सीमाओं व तानों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ता है। सीरीज़ का संदेश है कि सपने किसी की औकात से बड़े नहीं होते, बस उन्हें पूरा करने का हौसला चाहिए। मधुसूदन इस सीरीज़ में एक कॉलेज स्टूडेंट की भूमिका निभा रहे हैं और इसे अपनी पहली ओटीटी वेब सीरीज़ बताते हैं, जिसने उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान दी है।
मधुसूदन चंदोलिया का मानना है कि ओटीटी प्लेटफॉर्म्स ने इंडस्ट्री का पूरा परिदृश्य बदल दिया है। अब सिर्फ बड़े शहरों या बड़े नामों तक ही अवसर सीमित नहीं रहे, बल्कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए नए और प्रतिभाशाली कलाकारों को भी पहचान मिल रही है। उन्होंने निर्देशक तन्मय रस्तोगी, कास्टिंग डायरेक्टर शावर खान और पूरी प्रोडक्शन टीम का आभार जताया और कहा कि यह छोटा सा रोल उनके लिए सीख और भविष्य की संभावनाओं का बड़ा दरवाजा साबित हुआ है।





