भोपाल। प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस लगातार विभिन्न मुद्दों पर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रही है। नर्सिंग कॉलेज घोटाले का मामला ठंडा पड़ने के बाद, कांग्रेस अब अन्य मुद्दों के जरिए प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश में लगी है। इस कड़ी में, कांग्रेस ने दलित और आदिवासी समाज के साथ अन्याय, भेदभाव, और शोषण का आरोप लगाया है।
आज कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग ने रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व विधायक और मंत्री पीसी शर्मा, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार, और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रवीण सक्सेना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। यहां से प्रदर्शनकारी एक रैली के रूप में मुख्यमंत्री आवास की ओर घेराव करने के लिए आगे बढ़े।
रास्ते में, राजभवन के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान, कुछ कांग्रेस नेताओं की पुलिसकर्मियों से बहस भी हुई। पुलिस ने प्रदर्शन खत्म करने का आग्रह किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
इससे पहले, संगठन के उपाध्यक्ष मुकेश बंसल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के दौरान अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कार्रवाई के नाम पर केवल दिखावा कर रही है। न तो रोजगार की व्यवस्था की जा रही है और न ही सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इन्हीं मुद्दों के विरोध में मंगलवार को भोपाल में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया।





