नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में एक बार फिर नाराजगी खुलकर सामने आई है। दरअसल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज धमतरी के दौरे के दौरान धमतरी कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। कांग्रेसियों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज का जोरदार स्वागत किया, लेकिन इस स्वागत की खुशी उनके चेहरे पर ज्यादा देर नहीं टिक पाई। जब जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी भड़ास निकालने की शुरुआत की।
जिला कांग्रेस संगठन के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के सामने जमकर भड़ास निकली है। कार्यकर्ताओं ने धमतरी के कुछ नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिले में कांग्रेस खत्म होने की कगार में आ चुकी है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि 15-20 साल से हमने पार्टी के लिए जेल जाने सहित लाठियां खाई है, लेकिन पिछले पांच सालों से पार्टी में कार्यकर्ताओं की पूछ परख बिल्कुल खत्म हो चुकी है।
यहां के कुछ कांग्रेस नेता बस अपना ही देख रहे हैं, उन्होंने कार्यकर्ताओं की जरूरत नहीं है। पार्टी में कुछ लोगों की मनमानी के चलते पार्टी को नुकसान हो रहा है। जिसका नतीजा धमतरी विधायक चुनाव और लोकसभा चुनाव में देखने को मिला है। अगर ऐसे ही रहा, तो जल्द ही जिले में कांग्रेस पार्टी खत्म हो जाएगी। वहीं हंगामा बढ़ता देख दीपक बैज ने नाराज कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत कराया और इस मामले में उनसे अलग से बात करने की बात कही। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि पार्टी के अंदर थोड़ी बहुत नाराजगी रहती है, हम सभी के साथ बैठकर बात कर लेंगे। हम सब एक है और एक रहे गए।





