भोपाल की शिक्षाविद् और पूर्व मिसेज सेंट्रल इंडिया 2024 विजेता डॉ. स्वाति जैन फिलीपींस में आयोजित होने वाली मिसेज यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। 10 दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का फाइनल राउंड 8 अक्टूबर को होगा। डॉ. स्वाति का कहना है कि उनकी यह यात्रा उन भारतीय महिलाओं के लिए प्रेरणा बनेगी, जो अपने सपनों को साकार करने का साहस रखती हैं।
भोपाल में आयोजित विदाई समारोह में डॉ. स्वाति ने मीडिया से बातचीत की और प्रतियोगिता की तैयारियों को साझा किया। इस अवसर पर द पेजेंट इंडिया की मध्यप्रदेश प्रमुख फराह अनवर, ड्रेस डिज़ाइनर ज्योति और फैशन डिज़ाइनर एंसी नायडू भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि इस साल 100 से अधिक देशों के 130 प्रतिभागी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। विभिन्न राउंड्स में प्रतिभागियों की मानसिक, शारीरिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से परख की जाएगी।
फराह अनवर ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के लिए डॉ. स्वाति की विशेष ड्रेस महर्षि कालिदास की नायिका ‘शकुंतला’ से प्रेरित है। यह परिधान भारतीय संस्कृति और प्रकृति प्रेम का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है। ड्रेस डिज़ाइनर ज्योति ने इसे पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक शैली का सुंदर मेल बनाकर तैयार किया है। वहीं फोरम प्रेजेंटेशन के लिए एंसी नायडू द्वारा तैयार लाल रंग का ड्रेस भारतीय नारी शक्ति, आत्मविश्वास और ऊर्जा का प्रतीक होगा।
डॉ. स्वाति ने बताया कि उनकी इस उपलब्धि के पीछे परिवार का अहम सहयोग है। वे कहती हैं, “मेरी मां हमेशा कहती थीं कि ऐसा कोई काम नहीं जो महिला नहीं कर सकती। उनका ‘आई एम पॉसिबल’ का विश्वास ही मेरी ताकत बना।” उन्होंने स्वीकार किया कि परिवार, पेशा और प्रतियोगिता का संतुलन साधना आसान नहीं था, लेकिन जुनून और परिवार के सहयोग ने इस सफर को संभव बना दिया।





