मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सीनियर आईटी प्रोफेशनल प्रियेशा दुबे ने मिसेज सेंट्रल इंडिया का खिताब जीतकर यह साबित कर दिया कि कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास और मेहनत के बल पर नई शुरुआत की जा सकती है।
प्रियेशा दुबे ने बताया कि वर्ष 2024 उनके जीवन का सबसे चुनौतीपूर्ण समय था। पिता की खराब तबीयत और परिवार में एक करीबी सदस्य के निधन ने उन्हें मानसिक रूप से झकझोर दिया था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर मिसेज सेंट्रल इंडिया का विज्ञापन दिखा, जिसने उन्हें खुद को आज़माने की प्रेरणा दी। पढ़ाई और आईटी जॉब के चलते उन्होंने कभी मॉडलिंग के बारे में गंभीरता से नहीं सोचा था, लेकिन इस बार उन्होंने ऑडिशन देने का फैसला किया। कड़ी ट्रेनिंग, रैंप वॉक अभ्यास और आत्मविश्वास निर्माण के बाद उन्होंने प्रतियोगिता में सफलता हासिल की और 21 दिसंबर 2024 को मिसेज सेंट्रल इंडिया का खिताब अपने नाम किया।
प्रियेशा अपनी इस सफलता का श्रेय परिवार, खासकर अपने पति को देती हैं। छोटे बच्चे की जिम्मेदारी के साथ आईटी जॉब और प्रतियोगिता की तैयारी करना आसान नहीं था, लेकिन परिवार के सहयोग ने राह आसान की। प्रतियोगिता जीतने के बाद उन्होंने मॉडलिंग के क्षेत्र में भी कदम रखा और कई रैंप वॉक, फोटोशूट और 10 से अधिक कोलैबोरेशन किए। वे मेकअप आर्टिस्ट, डिजाइनर और फोटोग्राफर्स के साथ लगातार काम कर रही हैं, साथ ही विभिन्न शहरों में ऑडिशन और इवेंट्स में भी भाग ले रही हैं।
एक आईटी प्रोफेशनल होने के नाते समय प्रबंधन को वे सबसे बड़ी चुनौती मानती हैं। वे बताती हैं कि उनकी प्राथमिकता आज भी उनकी नौकरी है, लेकिन वीकेंड और छुट्टियों में वे अपने शौक को पूरा करती हैं। प्रियेशा का मानना है कि ऐसे कॉन्टेस्ट नए प्रतिभागियों को सीखने और आगे बढ़ने का मंच देते हैं। भविष्य में वे मिस इंडिया जैसे बड़े मंच पर खुद को आज़माना चाहती हैं और चाहती हैं कि उनसे प्रेरित होकर अन्य महिलाएं भी अपने सपनों को साकार करने का साहस करें।





