बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट से ताल्लुक रखने वाली पलक रंगलानी ने अपने जुनून और मेहनत से मेकअप इंडस्ट्री में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। बचपन से पेंटिंग और क्रिएटिव आर्ट्स में रुचि रखने वाली पलक ने लॉकडाउन के कठिन समय को अवसर में बदला और वहीं से अपने मेकअप करियर की शुरुआत की। उन्होंने सूरत के वीएलसीसी इंस्टिट्यूट से प्रोफेशनल ट्रेनिंग लेकर स्विट्ज़रलैंड बेस्ड डिप्लोमा भी हासिल किया।
प्रोस्थेटिक से लेकर ब्राइडल मेकअप तक—हर क्षेत्र में महारत
पलक ने अपनी कला को सिर्फ पारंपरिक मेकअप तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्होंने प्रोस्थेटिक मेकअप, फैंटेसी मेकअप और ऐड शूट्स में भी उत्कृष्ट योगदान दिया है। चाहे ब्राइडल मेकअप हो, कॉकटेल पार्टी या क्रिएटिव थीम आधारित मेकअप—पलक हर विधा में पारंगत हैं। वे कल्याण ज्वेलर्स जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स के साथ काम कर चुकी हैं और फिल्मों में इस्तेमाल होने वाले प्रोस्थेटिक मेकअप की भी विशेषज्ञता रखती हैं।
एजुकेशन और इनोवेशन की तरफ़ अगला क़दम
पलक का मानना है कि मेकअप सिर्फ बाहरी सुंदरता नहीं बल्कि एक कला है, जिसमें व्यक्ति की पहचान और भावना को उकेरा जाता है। अब वे कॉस्मेटिक फॉर्मुलेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं और भविष्य में अपनी खुद की प्रॉडक्ट लाइन लॉन्च करने की योजना बना रही हैं। उनका उद्देश्य केवल खुद आगे बढ़ना नहीं, बल्कि दूसरों को भी इस क्षेत्र में सशक्त और शिक्षित करना है।





