नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को पिछवरिया गांव का दौरा कर अनुसूचित जाति के युवक अर्जुन साहू की हत्या से पीड़ित उसके परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की।
राहुल गांधी ने कहा, “यहां सभी लोग न्याय की मांग कर रहे हैं क्योंकि एक दलित युवक की हत्या कर दी गई है। पूरे परिवार को धमकाया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय एसपी मुख्य दोषियों पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, बल्कि छोटे-मोटे लोगों को ही पकड़ा जा रहा है। मैं चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश में हर वर्ग का सम्मान हो और सभी को न्याय मिले। जब तक इस परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, हम पीछे नहीं हटेंगे।”
इससे पहले, मंगलवार को राहुल गांधी रायबरेली के नसीराबाद थाना क्षेत्र के पिछवरिया गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। दोपहर में वह अपने विशेष विमान से अमेठी के फुरसतगंज स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी पहुंचे, जहां कांग्रेस नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद, वह अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा और अन्य नेताओं के साथ रायबरेली के लिए रवाना हुए।
राहुल गांधी की इस यात्रा का मकसद अर्जुन पासी की हत्या के बाद उनके परिवार से मिलकर सांत्वना देना था। उनका विमान दोपहर 11:55 बजे फुरसतगंज में उतरा, जिसके बाद वह सड़क मार्ग से पिछवरिया गांव गए। मुलाकात के बाद, वह वापस इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी पहुंचे, लेकिन इस बीच बारिश हो गई।
सूत्रों के अनुसार, खराब मौसम के कारण विमान को उड़ान भरने में दिक्कतें आईं, जिसकी वजह से उड़ान रद्द कर दी गई। इस कारण उन्हें अपने गंतव्य के लिए सड़क मार्ग से जाना पड़ा। अकादमी के अधिकारी कृषणेंदु गुप्ता ने बताया कि विमान की उड़ान का फैसला पायलट करता है, और मौसम सहित कई कारणों से उड़ान रद्द की जा सकती है। एसपी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि विमान में तकनीकी खराबी के चलते उड़ान नहीं भर पाई, इसलिए वह सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हुए।





