नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि जम्मू और कश्मीर को दिल्ली से चलाना समझदारी नहीं है और इसके राज्य के दर्जे को बहाल करने की जोरदार मांग की है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यह बयान पिछले हफ्ते जम्मू-कश्मीर की यात्रा के दौरान कश्मीरी महिलाओं से बातचीत में दिया। कश्मीरी महिलाओं के साथ उनकी बातचीत का वीडियो सोमवार को जारी किया गया।
राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) से शिकायत है कि वे किसी की नहीं सुनते। उन्होंने कहा, “मुझे ऐसे लोगों से परेशानी होती है जो शुरू से ही सोचते हैं कि वे सही हैं और अपनी गलतियां नहीं मानते। इस तरह के लोग हमेशा किसी न किसी समस्या को जन्म देते हैं। ऐसा रुख ताकत से नहीं, असुरक्षा से आता है। यह रवैया कमजोरी की निशानी है।”
वीडियो में राहुल गांधी ने जम्मू और कश्मीर में आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय इतिहास में पहली बार जम्मू-कश्मीर से राज्य का दर्जा छीन लिया गया है, और जिस तरह से यह किया गया है, वह उन्हें पसंद नहीं आया। उन्होंने कहा, “जम्मू-कश्मीर को दिल्ली से चलाना कोई समझदारी नहीं है। हमें सिद्धांतत: जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को उसका राज्य का दर्जा बहाल करना है।” राहुल गांधी ने वीडियो के साथ एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने विभिन्न कॉलेजों की कश्मीरी महिलाओं से बातचीत की।
राहुल गांधी से अक्सर पूछा जाता है कि वह शादी कब करेंगे, और यह सवाल दशकों से उनके साथ जुड़ा हुआ है। इस बार यह सवाल श्रीनगर की खूबसूरत वादियों में कश्मीरी छात्राओं ने पूछा। 54 वर्षीय राहुल गांधी ने एक यूट्यूब चैनल पर बातचीत में बताया कि उन पर शादी करने का दबाव डाला जाता है, और वह पिछले 20-30 सालों से इस दबाव को झेल रहे हैं।
राहुल गांधी की शादी की अटकलें हमेशा चर्चा का विषय रही हैं। इस विषय पर कश्मीरी छात्राओं के साथ बातचीत में उनसे पूछा गया कि यदि वह शादी करने का मन बनाते हैं तो…? इसके जवाब में राहुल ने कहा, “मैं कोई योजना नहीं बनाता, लेकिन अगर हो जाए…।” इस पर सभी छात्राओं ने हंसते हुए कहा, “हमें बुलाना मत भूलिएगा,” और ठहाके लगने लगे।





