नई दिल्ली। भारतीय युवा कांग्रेस ने आज अपने नए अभियान “नौकरी दो, नशा नहीं” की शुरुआत एक विशाल युवा सम्मेलन के रूप में की। देशभर से हजारों कार्यकर्ता दिल्ली कार्यालय में एकत्र हुए, जहां उन्होंने हाल ही में नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के साथ इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष उपस्थित रहे। इस अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा, सचिन पायलट, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, लोकसभा सांसद किशोरी लाल शर्मा, राज्यसभा सांसद जेबी माथेर, उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव, एआईसीसी सचिव नेटा डिसूजा, कुणाल चौधरी, एआईसीसी सह सचिव डॉ. पलक वर्मा, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी, और कई अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।
उदय भानु चिब ने अपने संबोधन में कहा कि “नौकरी दो, नशा नहीं” अभियान भाजपा सरकार के खिलाफ युवाओं के हक के लिए एक शंखनाद है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के राज में देश के युवाओं को बेरोजगारी और नशे की ओर धकेला जा रहा है, जिससे देश का भविष्य खतरे में है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके द्वारा किए गए 2 करोड़ नौकरियों और काला धन वापस लाने के वादे पूरे नहीं हुए। इसके बजाय, युवाओं को नौकरियों के बदले नशा मिला है।
कार्यक्रम में भारतीय युवा कांग्रेस के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी और प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल हुए, जिन्होंने इस अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।





