भोपाल। मध्यप्रदेश के करेली से आने वाले एक्टर, सिंगर और मॉडल मधुसूदन चंदोलिया ने अपने दम और जुनून से फैशन जगत में खास पहचान बनाई है। बचपन से ही एक्टिंग और मॉडलिंग का क्रेज लेकर चलने वाले मधुसूदन बताते हैं कि कॉलेज जीवन ने उनके सपनों को दिशा दी। टेक-फेस्ट के दौरान हुए पहले मॉडलिंग शो में उन्होंने हिस्सा लिया और अपनी लास्ट ईयर की इंटर-कॉलेज फैशन प्रतियोगिता में विनर बनकर उन्होंने अपने टैलेंट का पहला बड़ा प्रमाण दिया। यहीं से उनकी मॉडलिंग यात्रा की शुरुआत हुई। इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद नौकरी के दबाव के बीच उनका सपना कुछ समय के लिए रुका, लेकिन पिछले 3–4 वर्षों से वे इस फील्ड में लगातार सक्रिय हैं और अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं। और अभी हाल ही में मिस्टर प्राइड ऑफ मध्यप्रदेश 2025 का खिताब भी अपने नाम किया। इसके साथ ही मधुसूदन की एक वेबसरीज “औकात के बाहर जिसमें उन्होंने एक्टर एल्विश यादव के साथ बतौर” फीचर एक्टर काम किया है, 3 दिसंबर को एमएक्स अमेजन प्लेयर पर रिलीज के लिए तैयार है।
वर्तमान में भोपाल में रहकर एक इलेक्ट्रिकल MNC में इंजीनियर के रूप में काम करने के बावजूद वे मॉडलिंग के प्रति उतने ही समर्पित हैं। वे बताते हैं कि समय प्रबंधन चुनौतीभरा ज़रूर है, लेकिन ऑफिस का सहयोगी माहौल और परिवार का समर्थन उन्हें नई ऊर्जा देता है। मधुसूदन कहते हैं— “मेरी कंपनी को गर्व है कि उनका एक कर्मचारी इंजीनियरिंग के साथ मॉडलिंग जगत में भी अपना नाम बना रहा है।” अब तक वे कई फैशन शो, ब्रांड शूट्स, वेब सीरीज़ और फिल्मों में फीचर हो चुके हैं। भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव के साथ प्रोजेक्ट्स कर चुके मधुसूदन ने हाल ही में विक्रांत मैसी के साथ भी शूट किया। वे बताते हैं— “विक्रांत मैसी बेहद विनम्र और ग्राउंडेड इंसान हैं। इतने बड़े
स्टार के साथ सहजता से काम करना बहुत प्रेरणादायक रहा।”
युवा मॉडलों के सामने आने वाली चुनौतियों पर मधुसूदन कहते हैं कि इस इंडस्ट्री में असली और फर्जी एजेंसियों की पहचान करना बेहद ज़रूरी है। कई नए कलाकार धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं। वे सलाह देते हैं— “किसी भी एजेंसी से जुड़ने से पहले अच्छी तरह रिसर्च करें। सिर्फ बड़े वादों पर भरोसा न करें।” आने वाले समय में वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को स्थापित करना चाहते हैं और बड़े प्रोजेक्ट्स में एक सशक्त कलाकार के रूप में दिखना चाहते हैं। लगभग 12 फैशन शो, 20+ प्रोजेक्ट्स, वेब सीरीज़ और कई कॉन्सर्ट्स में परफॉर्म कर चुके मधुसूदन कहते हैं— “यह तो बस शुरुआत है… मेरी मंज़िल बहुत आगे है।”





