मध्य प्रदेश के भोपाल से श्री क्रिएशन आर्ट की फाउंडर और डिजाइनर प्रतीक्षा शर्मा ने कहा कि कला केवल शौक नहीं बल्कि एक ऐसी पहचान है, जिसे जुनून और निरंतर मेहनत के जरिए एक सफल व्यवसाय में बदला जा सकता है। उन्होंने बताया कि बचपन से ही पेंटिंग और क्राफ्ट में रुचि रही, जो परिवार के माहौल और प्रेरणा से और मजबूत होती गई। यही रुचि आगे चलकर “श्री क्रिएशन आर्ट” के रूप में एक ब्रांड में बदल गई।
प्रतीक्षा शर्मा ने बताया कि उन्होंने पढ़ाई के तौर पर बीसीए और एमबीए किया, लेकिन कला के प्रति उनका लगाव हमेशा बना रहा। शादी के बाद उन्होंने घर से छोटे स्तर पर काम शुरू किया, जो धीरे-धीरे सोशल मीडिया के माध्यम से बढ़ता गया। उनके बनाए हुए पेंटिंग, मंडला आर्ट, ज्वेलरी और डिजाइन प्रोडक्ट्स को लोगों ने सराहा, जिससे उन्हें देशभर से ऑर्डर मिलने लगे और उनका काम एक व्यवसाय में परिवर्तित हो गया।
उन्होंने यह भी कहा कि एक महिला के लिए परिवार और करियर के बीच संतुलन बनाना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन परिवार के सहयोग से यह संभव हो पाता है। प्रतीक्षा के अनुसार, उनके परिवार और खासतौर पर ससुराल पक्ष के सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने में अहम भूमिका निभाई। आज उनके प्रोडक्ट्स देश के विभिन्न शहरों के साथ-साथ विदेशों तक पहुंच रहे हैं, जो उनकी मेहनत और रचनात्मकता का परिणाम है।





