मध्य प्रदेश के इंदौर से मॉडल प्रणय राठौर ने अपनी मॉडलिंग यात्रा को लेकर खुलकर अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि साल 2023 में कॉलेज के एक इवेंट से उनकी शुरुआत हुई, जहां वे शो-स्टॉपर बने और यहीं से मॉडलिंग के प्रति उनका रुझान बढ़ा। इसके बाद उन्होंने एमबीए के साथ-साथ लगातार फैशन शो, कैंपेन और एक्टिंग प्रोजेक्ट्स में काम करते हुए इस क्षेत्र में अपनी पहचान बनानी शुरू की।
प्रणय ने कहा कि मॉडलिंग इंडस्ट्री जितनी ग्लैमरस बाहर से दिखती है, अंदर उतनी ही चुनौतियों से भरी होती है। शुरुआती दौर में उन्हें काम की कमी, आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। कई बार गलत अनुभवों और नेगेटिव माहौल के कारण वे डिमोटिवेट भी हुए, लेकिन 2025 में एक बड़े शो के अवसर ने उनकी दिशा बदल दी। इसके बाद उन्होंने नेशनल लेवल पर काम किया और कई बड़े कलाकारों के साथ मंच साझा कर आत्मविश्वास हासिल किया।
उन्होंने युवाओं को सलाह देते हुए कहा कि मॉडलिंग और एक्टिंग में प्रवेश करते समय सतर्क रहना बेहद जरूरी है। किसी भी एजेंसी या ऑडिशन के नाम पर पैसे देने से बचना चाहिए और अपने टैलेंट के दम पर आगे बढ़ना चाहिए। प्रणय का मानना है कि यह एक प्रोफेशनल करियर है, जहां मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से सफलता हासिल की जा सकती है, और वे खुद को भविष्य में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले एक सफल रनवे मॉडल के रूप में देखते हैं।





