मध्य प्रदेश के ग्वालियर से ‘रूम ऑफ रिवॉर्ड्स’ की फाउंडर रिया ढींगरा अरोरा ने अपने उद्यमशील सफर को साझा करते हुए बताया कि बिजनेस में हर दिन एक नई चुनौती लेकर आता है। एमबीए के बाद बैंकिंग सेक्टर में करीब पांच वर्षों का अनुभव हासिल करने के बाद उन्होंने अपना स्टार्टअप शुरू किया, जहां कस्टमर हैंडलिंग, परफॉर्मेंस कल्चर और रिलेशनशिप मैनेजमेंट को अपने काम का आधार बनाया।
रिया का मानना है कि किसी भी बिजनेस की सफलता का सबसे बड़ा मंत्र “रिलेशनशिप” है। उनके अनुसार, यदि ग्राहक, टीम और स्टेकहोल्डर्स के साथ व्यवहार अच्छा है तो सफलता तय है। उन्होंने बताया कि उनके स्टार्टअप में हर तीन महीने में नए स्तर पर काम किया गया और इसी निरंतर सुधार के चलते आज उनका काम पैन इंडिया स्तर तक पहुंच चुका है, जहां वे मुंबई सहित कई बड़े शहरों में सप्लाई कर रही हैं।
उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि उद्यमिता में सफलता पाने के लिए सबसे जरूरी है एक्शन लेना। केवल प्लानिंग नहीं, बल्कि तुरंत अमल करना ही असली फर्क पैदा करता है। रिया के अनुसार, “आप जितना इनपुट देंगे, उतना ही रिटर्न मिलेगा,” और यही सोच उन्हें आगे बढ़ा रही है। अब उनका अगला लक्ष्य बॉलीवुड और कॉर्पोरेट सेक्टर में अपनी मजबूत पहचान बनाना है।





