मध्य प्रदेश के ग्वालियर से “मां जी प्योर” की फाउंडर कृतिका सिंह ने बताया कि आज के समय में लोगों तक शुद्ध और हेल्दी भोजन पहुंचाना बेहद जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि मिलेट्स (श्री अन्न) के बढ़ते महत्व और जागरूकता से प्रेरित होकर उन्होंने अपने स्टार्टअप की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य बिना केमिकल, बिना प्रिजर्वेटिव और पूरी तरह से शुद्ध खाद्य उत्पाद लोगों तक पहुंचाना है। कृतिका का मानना है कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए सही खानपान सबसे अहम है।
कृतिका सिंह ने बताया कि “मां जी प्योर” में मल्टीग्रेन आटा, मिलेट्स से बने नूडल्स, पास्ता और अन्य हेल्दी प्रोडक्ट्स तैयार किए जाते हैं, जो खास तौर पर डायबिटीज, हार्ट हेल्थ और ग्लूटन-फ्री डाइट को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके सभी उत्पाद लैब टेस्टेड हैं और गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाता। ग्वालियर में अपने स्टोर के साथ-साथ वे ऑनलाइन माध्यम से भी ग्राहकों तक अपने उत्पाद पहुंचा रही हैं।
उन्होंने आगे बताया कि एक महिला उद्यमी के रूप में परिवार और व्यवसाय के बीच संतुलन बनाना चुनौतीपूर्ण जरूर होता है, लेकिन परिवार के सहयोग से यह संभव हो पाता है। कृतिका का लक्ष्य आने वाले समय में अपने ब्रांड को देश के बड़े शहरों और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को केमिकल-फ्री और पौष्टिक भोजन का विकल्प मिल सके।





