उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक्टर और उभरती मॉडल प्रभाती पाण्डेय ने बहुत छोटी उम्र से ही मॉडलिंग की दुनिया में कदम रख लिया था। महज चार साल की उम्र में एक प्रतियोगिता में भाग लेकर उन्होंने पहला खिताब अपने नाम किया और वहीं से उनके सपनों की उड़ान शुरू हुई। आज वे पढ़ाई के साथ-साथ मॉडलिंग और अभिनय के क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।
प्रभाती पाण्डेय बताती हैं कि जब वे सिर्फ चार साल की थीं, तब उनकी माँ उन्हें जिमखाना क्लब में आयोजित एक बच्चों की प्रतियोगिता में लेकर गई थीं। उस प्रतियोगिता में तीन राउंड थे और प्रभाती ने तीनों में टॉप स्कोर हासिल कर जीत दर्ज की। इसके बाद उन्हें मीडिया कवरेज और पुरस्कार मिले, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा और मॉडलिंग के प्रति उनका लगाव गहरा हो गया। आगे बढ़ते हुए उन्होंने डांस अकादमी जॉइन की और कई फैशन शो व प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया, जिसके बाद उन्होंने “मिस यूपी” का खिताब भी अपने नाम किया।
हालांकि इस सफर में उन्हें कई सामाजिक चुनौतियों का सामना भी करना पड़ा। प्रभाती बताती हैं कि उनके परिवार में कुछ लोगों को मॉडलिंग को लेकर आपत्ति थी और कई बार उनके कपड़ों को लेकर भी टिप्पणी की जाती थी। लेकिन उनके माता-पिता ने हमेशा उनका साथ दिया और उन्हें अपने सपनों के अनुसार आगे बढ़ने की आज़ादी दी। प्रभाती का मानना है कि अगर परिवार का समर्थन मिले तो किसी भी लड़की के लिए अपने लक्ष्य तक पहुंचना आसान हो जाता है।
प्रभाती के अनुसार उत्तर प्रदेश में आज मॉडलिंग और अभिनय के क्षेत्र में पहले के मुकाबले ज्यादा अवसर बढ़े हैं। राज्य में फिल्म सिटी और वेब सीरीज़ के बढ़ते चलन से स्थानीय कलाकारों को काम मिलने लगा है। फिलहाल वे पढ़ाई के साथ मॉडलिंग को संतुलित करते हुए आगे बढ़ रही हैं। उनका सपना है कि वे एक दिन मिस यूनिवर्स का खिताब जीतकर भारत का नाम रोशन करें और आगे चलकर बॉलीवुड व हॉलीवुड में भी अपनी पहचान बनाएं।





