मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के युवा उद्यमी और स्वर्णिम सागर ज्वेलर्स के संस्थापक स्वर्णिम दुबे ने सीमित संसाधनों के साथ अपने ज्वेलरी व्यवसाय की शुरुआत की और आज उसे एक विश्वसनीय पहचान दिलाई है। उनका मानना है कि ज्वेलरी कारोबार में सबसे बड़ी पूंजी सोना-चांदी नहीं, बल्कि ग्राहकों का विश्वास होता है। ईमानदारी, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण सेवा के दम पर उन्होंने आठ वर्षों में अपने स्टार्टअप को लगातार आगे बढ़ाया है।
स्वर्णिम दुबे ने बताया कि ग्रेजुएशन के दौरान ही उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें नौकरी नहीं बल्कि अपना व्यवसाय करना है। उनके पिता वर्षों से ज्वेलरी उद्योग से जुड़े रहे, लेकिन उन्होंने शुरुआत से ही सलाह दी कि हर चीज़ खुद सीखनी होगी। इसी सीख के साथ स्वर्णिम ने मात्र आधा से एक किलो चांदी के आभूषणों से अपना कारोबार शुरू किया। शुरुआती दिनों में सीमित पूंजी के कारण उन्होंने स्वयं धनतेरस के प्रचार-पर्चे सुबह चार बजे उठकर अखबारों के साथ वितरित किए। धीरे-धीरे ग्राहकों का भरोसा बढ़ा और उनका कारोबार भी विस्तार की ओर बढ़ता गया।
स्वर्णिम का कहना है कि ज्वेलरी व्यवसाय पूरी तरह विश्वास पर आधारित है। यदि ग्राहक को सही गुणवत्ता, शुद्धता और पारदर्शी जानकारी दी जाए तो वही ग्राहक आगे कई नए ग्राहकों को जोड़ता है। वर्तमान में उनके शोरूम में चांदी के आभूषणों की विस्तृत श्रृंखला, कस्टम डिज़ाइन ज्वेलरी, जेमस्टोन और गोल्ड ज्वेलरी की भी सुविधा उपलब्ध है। हाल के वर्षों में उन्होंने अपने छोटे आउटलेट का विस्तार कर उसे शोरूम का स्वरूप दिया है और आने वाले दो वर्षों में गोल्ड ज्वेलरी सेक्शन को और बड़े स्तर पर विकसित करने का लक्ष्य रखा है।
स्वर्णिम दुबे अपने पिता को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा मानते हैं। उनका कहना है कि व्यापार में कभी एक ग्राहक से अधिक कमाने की बजाय लंबे समय तक विश्वास अर्जित करना अधिक महत्वपूर्ण होता है। वे मानते हैं कि समय की पाबंदी, ईमानदारी और ग्राहक संतुष्टि ही एक सफल उद्यमी की सबसे बड़ी पहचान है। बदलते दौर में ग्राहकों की पसंद भी बदल रही है और अब लोग भारी आभूषणों की बजाय हल्के, आधुनिक और शुद्धता प्रमाणित आभूषणों को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसी सोच के साथ वे अपने व्यवसाय को आधुनिक जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।





