मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के फैशन डिजाइनर और जेपी द डिजाइनर स्टूडियो एवं जेपीज़ डिजाइन अकादमी के संस्थापक जितेंद्र परिहार का मानना है कि फैशन इंडस्ट्री में सफलता केवल डिग्री से नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल और निरंतर नवाचार से मिलती है। पारिवारिक सिलाई व्यवसाय से शुरुआत कर उन्होंने अपने अनुभव को आधुनिक फैशन डिजाइनिंग और प्रशिक्षण के क्षेत्र में नई पहचान दी है।
इंदौर के फैशन डिजाइनर जितेंद्र परिहार ने बताया कि उनका परिवार पीढ़ियों से सिलाई के व्यवसाय से जुड़ा रहा है, लेकिन उन्होंने पारंपरिक टेलरिंग को आधुनिक डिजाइन स्टूडियो और फैशन ब्रांड का स्वरूप देने का निर्णय लिया। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य केवल आर्थिक सफलता नहीं, बल्कि अपनी डिजाइनिंग के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना है। इसी सोच के साथ उन्होंने जेपी द डिजाइनर स्टूडियो की स्थापना की, जहां वे विशेष रूप से इंडो-वेस्टर्न और कस्टमाइज्ड परिधानों की डिजाइनिंग करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने जेपीएस डिजाइन अकादमी शुरू की, जिसका उद्देश्य वर्षों तक चलने वाले फैशन कोर्स की प्रैक्टिकल शिक्षा कम समय में युवाओं तक पहुंचाना है।
जितेंद्र ने बताया कि फैशन इंडस्ट्री तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं था। शुरुआती वर्षों में उन्होंने रेडीमेड गारमेंट्स सेक्टर में काम किया, सीमित आय के बावजूद रोजाना लंबी दूरी तय की और कई कठिन परिस्थितियों का सामना किया। नोटबंदी के दौर ने उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का साहस दिया और वहीं से उन्होंने खुद का टेलरिंग स्टूडियो स्थापित किया। इसके बाद उन्होंने फैशन शो में अपने डिजाइन प्रस्तुत किए, जहां उनके कलेक्शन की सराहना हुई और उन्हें बड़े मंचों पर गेस्ट डिजाइनर के रूप में आमंत्रित किया गया। आज वे 30 से अधिक मॉडलों के लिए डिजाइन तैयार कर चुके हैं और फिल्मों के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग पर भी कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फैशन इंडस्ट्री तेजी से बदल रही है और अब ग्राहकों का ध्यान केवल कम कीमत पर नहीं, बल्कि गुणवत्ता, कस्टमाइजेशन और सस्टेनेबल फैशन पर भी केंद्रित हो रहा है। इसी सोच के साथ वे स्क्रैप फैब्रिक और हैंड एम्ब्रॉयडरी के जरिए नए डिजाइन विकसित कर रहे हैं। उनका मानना है कि आने वाला समय पर्यावरण अनुकूल फैशन का है और युवाओं को केवल डिजाइनिंग ही नहीं, बल्कि रचनात्मक सोच और व्यावहारिक अनुभव भी सीखना चाहिए। इसी उद्देश्य से उनकी अकादमी नए डिजाइनर्स को उद्योग की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित कर रही है।





