नई दिल्ली। राज्य लोक निर्माण और शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। इस मुलाकात में विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल प्रदेश में पार्टी और सरकार के कार्यक्रमों पर चर्चा की और राज्य में चल रहे महत्वपूर्ण मुद्दों से उन्हें अवगत कराया। विक्रमादित्य सिंह ने पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने और राज्य की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने और राज्य के विकास के लिए काम करना हमारी प्राथमिकता हैं जिसे पूर्ण मज़बूती से किया जाएगा। हिमाचल में मस्जिद के अवैध निर्माण व उसके बाद उपजे विवाद को लेकर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से चर्चा की व उन्हें स्थिति से अवगत करवाया।
विक्रमादित्य सिंह ने बीते रोज राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात की थी। विक्रमादित्य सिंह ने आश्वासन दिया कि सरकार पार्टी के मूल सिद्धांतों पर काम करेगी और विकास की दिशा में प्रदेश को आगे बढ़ाने में कृत संकल्पित हैं।
विक्रमादित्य ने कहा- वह पार्टी के निष्ठावान सिपाही
बीते रोज राष्ट्रीय महासचिव से मुलाकात के बाद भी विक्रमादित्य सिंह ने कहा था कि वह पार्टी के निष्ठावान सिपाही हैं और पार्टी लाइन से बाहर जाकर कभी कुछ नहीं कहेंगे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह और उनका परिवार कांग्रेस पार्टी के लिए समर्पित हैं और पूरी निष्ठा के साथ संगठन का काम कर रहे हैं। उनके लिए पार्टी और हिमाचल प्रदेश के हित सर्वोपरि हैं लिहाजा वह पार्टी लाइन से आगे जाकर कुछ नहीं कहेंगे।





