नई दिल्ली। दिल्ली की अनुभवी कोरियोग्राफर और लाइसेंस्ड जुम्बा इंस्ट्रक्टर सिमरन ग्रोवर का मानना है कि डांस केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का सशक्त माध्यम है। वजन घटाने की व्यक्तिगत यात्रा से शुरू हुआ उनका सफर आज देश की बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियों, प्रतिष्ठित संस्थानों और हजारों लोगों तक फिटनेस का संदेश पहुंचाने का माध्यम बन चुका है।
सिमरन ग्रोवर ने बताया कि बढ़ते वजन और लंबे समय तक बैठकर पढ़ाई व काम करने की दिनचर्या ने उन्हें अपनी जीवनशैली पर दोबारा विचार करने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज के दिनों में डांस सोसाइटी से जुड़ने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि डांस ही उनकी वास्तविक पहचान है। सरकारी नौकरी की तैयारी के दौरान घंटों बैठने से उनका वजन दोबारा बढ़ने लगा, जिसके बाद उन्होंने फिटनेस और डांस को एक साथ जोड़ने का फैसला किया। इसी सोच ने उन्हें जुम्बा की ओर आकर्षित किया। शुरुआत में उन्होंने बिना लाइसेंस फिटनेस क्लासें शुरू कीं, लेकिन बाद में प्रोफेशनल ट्रेनिंग लेकर लाइसेंस्ड जुम्बा इंस्ट्रक्टर बनीं। आज वे गूगल ऑफिस, अशोक होटल सहित 500 से अधिक कॉर्पोरेट संस्थानों में फिटनेस सेशन दे चुकी हैं।
सिमरन ने कहा कि डांस केवल शरीर को फिट नहीं रखता, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी मजबूत बनाता है। उनके अनुसार डांस व्यक्ति के मन और शरीर के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करता है, जिससे आत्मविश्वास, ऊर्जा और सकारात्मक सोच विकसित होती है। अब तक वे एक हजार से अधिक लोगों को कोरियोग्राफी सिखा चुकी हैं, जिनमें वेडिंग परफॉर्मेंस, स्टेज शो और कॉर्पोरेट इवेंट्स शामिल हैं। इसके अलावा वे बॉलीवुड कलाकारों को भी ट्रेनिंग देती हैं। उनका कहना है कि जुम्बा ने उन्हें केवल पेशेवर सफलता ही नहीं दी, बल्कि जीवन को हमेशा सकारात्मक और उत्साहपूर्ण बनाए रखने की प्रेरणा भी दी।
उन्होंने बताया कि परिवार के सहयोग और प्रेरणा के कारण ही वह आगे बढ़ पाईं, उसके बाद उन्होंने अपने जुनून को ही पेशा बनाया और आज उसी निर्णय पर गर्व महसूस करती हैं। सिमरन का सपना है कि आने वाले वर्षों में उनकी पहचान केवल भारत ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रतिष्ठित फिटनेस और डांस विशेषज्ञ के रूप में बने। उनका मानना है कि सफलता का वास्तविक अर्थ केवल ऊंचाई तक पहुंचना नहीं, बल्कि विनम्रता बनाए रखते हुए अपने व्यवहार और काम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।





