MP desk Bhopal रचनात्मकता, अटूट आत्मविश्वास और संघर्ष की भट्टी में तपकर निखरा व्यक्तित्व ही सफलता की असली पहचान होता है। इसे सच कर दिखाया है भोपाल की मॉडल ऋषिता आहूजा ने, जिन्होंने फैशन और मॉडलिंग की बेहद प्रतिस्पर्धी दुनिया में अपनी एक स्वतंत्र और अमिट पहचान बनाई है। ऋषिता के इस सफर की शुरुआत बेहद साधारण लेकिन चुनौतीपूर्ण रही। उन्होंने स्वयं डिजाइन किए गए सिंगल-पीस परिधानों से अपने व्यवसाय की नींव रखी थी, जिसके लिए वे कच्ची सामग्री लेने खुद दिल्ली के बाजारों का रुख करती थीं। उस दौर में जब उनका बेटा बहुत छोटा था, तब एक माँ और एक उद्यमी के रूप में दोनों मोर्चों को संभालना बेहद कठिन था। इसके बावजूद, उन्होंने विषम परिस्थितियों को अपने इरादों को बेहद मजबूत रखा।
पिछले वर्षों से लगातार मॉडलिंग की दुनिया में नए आयाम स्थापित कर रहीं ऋषिता आज के युवाओं, खासकर कामकाजी महिलाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा हैं। वे घरेलू जिम्मेदारियों और अपने प्रोफेशनल करियर के बीच एक आदर्श संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही हैं। इस सफ़र में वे अपने भाई, भाभी और पूरे परिवार के अटूट सहयोग को अपनी सबसे बड़ी ताकत और प्रेरणा मानती हैं। ग्लैमर की इस चकाचौंध भरी दुनिया में कदम रखने वाले नए कलाकारों को गुरुमंत्र देते हुए ऋषिता कहती हैं कि मॉडलिंग सहित हर क्षेत्र में अत्यधिक सतर्कता, समझदारी और व्यावहारिक ज्ञान बेहद आवश्यक है। किसी भी अवसर या प्रोजेक्ट को स्वीकार करने से पहले उसकी विश्वसनीयता और पृष्ठभूमि को अच्छी तरह परख लेना चाहिए।
ऋषिता आहूजा का लक्ष्य केवल रैंप पर एक सफल मॉडल के रूप में चमकना नहीं है, बल्कि वे अपने भीतर एक सकारात्मक, सौम्य और सुंदर व्यक्तित्व को जीवित रखना चाहती हैं। उनके सपने अब स्थानीय सीमाओं को पार कर चुके हैं और वे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिरंगे का प्रतिनिधित्व करने की महत्वाकांक्षा रखती हैं। अपने काम के साथ-साथ वे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सर्वोपरि मानती हैं। फिटनेस को जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा बताते हुए वे अपनी दैनिक दिनचर्या में नियमित जुम्बा, डांस, हैवी वर्कआउट और संतुलित आहार को कड़ाई से शामिल करती हैं। उनका एक बेहद स्पष्ट और व्यावहारिक संदेश है कि यदि कोई व्यक्ति खुद शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से संतुलित रहेगा, तभी वह अपने परिवार की सही ढंग से देखभाल कर सकेगा और अंततः समाज के उत्थान में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे पाएगा।





