भोपाल। कला को केवल चित्रकारी अथवा एक रचनात्मक कौशल तक सीमित न मानते हुए इसे मानसिक शांति, सकारात्मक सोच, आत्म-अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास के विकास का प्रभावी माध्यम बनाने की दिशा में भोपाल की यूनिक वर्सेटाइल आर्ट स्टूडियो (UVA) की संस्थापक विनीता पाटीदार निरंतर कार्य कर रही हैं। वर्ष 2024 में स्थापित इस स्टूडियो में कला प्रशिक्षण के साथ-साथ आर्ट थेरेपी और रिलैक्सेशन आधारित रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को कला से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
विनीता पाटीदार के अनुसार, “रचनात्मक गतिविधियां व्यक्ति को अपनी भावनाओं को व्यक्त करने, तनाव से राहत पाने और स्वयं से जुड़ने का अवसर देती हैं। कला के माध्यम से व्यक्ति न केवल कुछ नया सृजित करता है, बल्कि उसे भीतर से संतुष्टि और सकारात्मक ऊर्जा भी मिलती है।
स्टूडियो की स्थापना से पहले विनीता पाटीदार अपनी छोटी टीम के साथ विभिन्न कमर्शियल और कस्टमाइज्ड आर्ट प्रोजेक्ट्स पर कार्य कर रही थीं। स्टूडियो शुरू होने के बाद डॉक्टरों, व्यवसायी महिलाओं, उद्यमियों सहित विभिन्न वर्गों के लोग उनसे रचनात्मक गतिविधियों और आर्ट थेरेपी से जुड़े सत्रों के लिए जुड़ने लगे। उनका मानना है कि आज की तेज़ और व्यस्त जीवनशैली में मानसिक थकान, तनाव और भावनात्मक दबाव बढ़ रहा है। ऐसे समय में कला व्यक्ति को अपनी भावनाओं को रचनात्मक तरीके से व्यक्त करने और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक हो सकती है।
पिछले दो वर्षों में 150 से अधिक विद्यार्थी यूनिक वर्सेटाइल आर्ट स्टूडियो से जुड़ चुके हैं। स्टूडियो में बच्चों से लेकर वयस्कों तक के लिए विभिन्न कला विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाता है, जिनमें पेंटिंग, टेक्सचर आर्ट, म्यूरल आर्ट, रेज़िन आर्ट, कस्टमाइज्ड आर्टवर्क और मिनिएचर आर्ट प्रमुख हैं। स्टूडियो का उद्देश्य केवल कला सिखाना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक क्षमता पहचानने, कौशल विकसित करने और कला के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित करना भी है।
विनीता पाटीदार ने भोपाल के हयात पैलेस होटल सहित कई आवासीय और व्यावसायिक कला परियोजनाओं पर भी कार्य किया है। पारंपरिक कला एवं समकालीन रचनात्मक तकनीकों के संयोजन के साथ वे विशेष रूप से MDF मिनिएचर आर्ट के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में कार्य कर रही हैं। इस कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों के लिए नए बाजार और रोजगार के अवसर विकसित करना भी उनके प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।
इसके साथ ही, ‘कलाज्ञ’ संस्था के माध्यम से आयोजित कला प्रदर्शनियों के जरिए उभरते और नए कलाकारों को मंच प्रदान करने की दिशा में भी पहल की जा रही है। विनीता पाटीदार का लक्ष्य है कि कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने, दर्शकों और कला प्रेमियों से जुड़ने तथा व्यावसायिक अवसर प्राप्त करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए।
विनीता पाटीदार के अनुसार, “हमारा उद्देश्य यूनिक वर्सेटाइल आर्ट स्टूडियो को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रतिष्ठित कला मंच के रूप में स्थापित करना है, जहां कला सीखने के साथ कलाकारों को अपनी प्रतिभा, अभिव्यक्ति और कौशल को आगे बढ़ाने के अवसर भी मिलें।”
यूनिक वर्सेटाइल आर्ट स्टूडियो आने वाले समय में कला शिक्षा, आर्ट थेरेपी, कमर्शियल आर्ट प्रोजेक्ट्स, प्रदर्शनियों और कलाकारों के लिए नए अवसरों के माध्यम से कला के क्षेत्र में अपनी गतिविधियों का विस्तार करने की दिशा में कार्य कर रहा है।





