मुंबई: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के एक छोटे एवं ऐतिहासिक कस्बे समथर से निकलकर मायानगरी मुंबई की चकाचौंध में अपनी कला का लोहा मनवाना किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। इस सुनहरे सपने को हकीकत में बदला है युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरे प्रतिभाशाली अभिनेता स्वप्नेश श्रीवास्तव ने। स्वप्नेश को एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के प्रतिष्ठित चैनलों में से एक Sony SAB के नए और बहुप्रतीक्षित धारावाहिक ‘क्यूंकी पापा कहते हैं’ में एक बेहद महत्वपूर्ण भूमिका के लिए चुना गया है।
स्वप्नेश के करियर का यह पहला बड़ा टेलीविजन ब्रेक है, जिसने उनके अभिनय सफर को एक नई और ऊंची उड़ान दी है। इस शो में स्वप्नेश एक बेहद मज़ेदार, ऊर्जावान और जिंदादिल पंजाबी लड़के के किरदार में नज़र आ रहे हैं। उनकी बेमिसाल कॉमिक टाइमिंग और अनूठी कॉमेडी दर्शकों को लोटपोट करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह पारिवारिक धारावाहिक सोमवार से शनिवार रात 7:30 बजे प्रसारित किया जा रहा है, जिसे दर्शक ओटीटी प्लेटफॉर्म Sony LIV पर भी देख सकते हैं।
शो में मुख्य भूमिका निभा रहे ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फेम स्टार राज अनादकट (टप्पू) के साथ स्क्रीन साझा करना स्वप्नेश के लिए एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। एक छोटे कस्बे के साधारण परिवार से निकलकर भारतीय टेलीविजन के सबसे बड़े प्लेटफॉर्म पर अपनी जगह बनाना स्वप्नेश के कठिन संघर्ष, लगन और अटूट विश्वास को दर्शाता है। राज अनादकट जैसे बड़े और स्थापित अभिनेताओं के बीच अपनी खास पहचान बना रहे स्वप्नेश की यह सफलता आज देश के उन लाखों छोटे शहरों के युवाओं को उम्मीद देती है, जो अपनी आँखों में बड़े सपने लेकर मुंबई (मायानगरी) का रुख करते हैं। स्वप्नेश श्रीवास्तव ने यह साबित कर दिया है कि अगर प्रतिभा और जज्बा हो, तो राह की हर मुश्किल आसान हो जाती है।





